
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बाइक चोरी के आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने खंभे से बांधकर पीटा। ‘तालिबानी सजा’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला मेडिकल कॉलेज का है जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी कामथेन कंपनी के पास है। रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई।
रात करीब 11:45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते देखा। सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर कोसाबाड़ी चौक के पास एक युवक विशाल सागर, निवासी पंप हाउस, को पकड़ लिया।
आरोपी को पुलिस के हवाले करने के बजाय सुरक्षाकर्मियों ने खुद ही उसे खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। इसका वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कई चोरियां कबूल की हैं। हालांकि बाइक मालिक राजेंद्र पटेल दोपहर बाद शिकायत दर्ज कराने पहुंचा, तब जाकर रिपोर्ट दर्ज हो सकी।
इस घटना के बाद अस्पताल में लाखों रुपये खर्च कर तैनात किए गए बाउंसरों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा के नाम पर भारी भरकम खर्च के बावजूद परिसर से बाइक चोरी हो गई और सुरक्षाकर्मियों ने कानून हाथ में ले लिया।




