Home छत्तीसगढ़ सूरजपुर दोहरे हत्याकांड में बड़ा अपडेट : फांसी की सजा पाने वाले...

सूरजपुर दोहरे हत्याकांड में बड़ा अपडेट : फांसी की सजा पाने वाले दोषियों की जेल शिफ्टिंग शुरू, फूल सिंह उर्फ रिंकू रायपुर भेजा गया

0
5

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सूरजपुर दोहरे हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद दोषियों को अलग-अलग जेलों से शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में आरोपी फूल सिंह उर्फ रिंकू को सूरजपुर जिला जेल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों दोषी अलग-अलग जेलों में निरुद्ध थे। फूल सिंह उर्फ रिंकू सूरजपुर जिला जेल में बंद था, जबकि कुलदीप साहू अंबिकापुर और चंद्रकांत चौधरी कोरिया की जेल में निरुद्ध था। अदालत के फैसले के बाद जेल प्रशासन ने दोषियों की जेल शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की है।

8 अक्टूबर को सुनाई गई थी फांसी की सजा
इस मामले में 8 अक्टूबर को अदालत ने फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को फांसी और एक आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद दोषियों को निर्धारित जेलों में भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिफ्टिंग की कार्रवाई की जा रही है। फूल सिंह उर्फ रिंकू को केंद्रीय जेल रायपुर भेजे जाने के बाद अब अन्य दोषियों की जेल शिफ्टिंग को लेकर भी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।

13 अक्टूबर 2024 को हुई थी प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या
यह मामला 13 अक्टूबर 2024 को तत्कालीन प्रधान आरक्षक की पत्नी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की हत्या से जुड़ा है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने तीन आरोपियों को मृत्युदंड और एक अन्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

error: Content is protected !!