Home KORBA डकैती की बड़ी प्लानिंग फेल : कल्याण ज्वेलर्स को लूटने की थी...

डकैती की बड़ी प्लानिंग फेल : कल्याण ज्वेलर्स को लूटने की थी साजिश, जंतर-मंतर के आंदोलन में शामिल रहे 3 Gen-Z गिरफ्तार

0
5

 

रायपुर पुलिस ने कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम करते हुए पिस्टल, कारतूस और चाकू के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

राजधानी रायपुर पुलिस ने राजधानी में एक बड़ी डकैती की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो दिल्ली और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली के आंदोलन में भी सक्रिय रहे थे। तीनों पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बनाकर रायपुर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने वारदात से पहले ही उन्हें धर दबोचा।

 

 

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास संदिग्ध हालत में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया।

 

 

 

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हथियार बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, 2,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

 

रेकी कर चुके थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल 2026 को आरोपियों में से एक ने ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई थी। फरार दोनों आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और पूरी योजना तैयार कर रहे थे।

 

 

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ हथियारों की व्यवस्था और पूरी साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

पुलिस ने इन तीन आरोपियों किया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19), निवासी दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19), निवासी दिल्ली और मयंक सिंह (19), निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है।

 

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से शहर में होने वाली एक बड़ी डकैती की वारदात को टाल दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है