Home छत्तीसगढ़ भालुओं ने बच्ची और युवक को मार-डाला:एक का चेहरा नोंचा, आंखें निकाली,...

भालुओं ने बच्ची और युवक को मार-डाला:एक का चेहरा नोंचा, आंखें निकाली, दूसरे के सिर से उतरी खाल; 5 घायल

0
115

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भालुओं ने 13 साल की बच्ची और एक युवक को नोंचकर मार डाला। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे में भालू के हमले में 5 लोग घायल भी हुए हैं। भालुओं ने एक का चेहरा नोचा, आंखें निकाली तो दूसरे का सिर और पीठ को नोंच डाला। घटना मरवाही के बेलझिरिया गांव की है।

मिली जानकारी के मुताबिक बिहान लाल केवट की बेटी विद्या केवट अपने घर से खेत की ओर बकरी चराने गई थी। इस दौरान शुक्रवार शाम को बच्ची का सामना भालू से हो गया। भालू ने हमला कर चेहरे और पीठ को बुरी तरह से नोच दिया।

दूसरी घटना में भालू ने 3 लोगों को नोचा

दूसरी घटना में शनिवार सुबह बेलझिरिया निवासी चरणसिंह खेरवार (50), रामकुमार (30) और सुक्कुल प्रसाद (32) मशरूम बीनने के लिए रतनजोत प्लॉट में गए थे, तभी भालू ने हमला कर दिया। इस दौरान भालू ने तीनों को बुरी तरह से नोच डाला।

बताया जा रहा है कि शरीर पर गहरी चोट है। हमले में सुक्कूल प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को 108 की मदद से मरवाही अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीसरी घटना में 2 लोगों पर हमला

तीसरी घटना में करगिकला निवासी सेवक लाल यादव (30) और सेमलाल गोंड (45) शनिवार सुबह खेत देखने गए थे, उन पर भी भालू ने हमला कर दिया, जिन्हें भी डायल 108 से मरवाही अस्पताल लाया गया है।

45 दिनों में भालू के हमले के 20 से ज्यादा मामले

बता दें कि मरवाही वनमंडल में पिछले 45 दिनों में भालू के हमले के 20 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। जानकारों का कहना है कि लगातार जंगलों की कटाई, अवैध कब्जे, अवैध उत्खनन, वन संसाधनों पर मानवीय दखल के बाद जंगली जानवर हमलावर हैं।

भालू और अन्य जीव लगातार आबादी की ओर पहुंच रहे। वहीं पिछले कुछ घटनाओं में भालू को काफी आक्रामक देखा गया है। वन विभाग पर भी ग्रामीणों ने ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है।

error: Content is protected !!