बालोद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े एक अधिकृत सोलर वेंडर से लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में मुंबई की एक सोलर कंपनी पर एडवांस भुगतान लेने के बाद सोलर सामग्री सप्लाई नहीं करने और रकम वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में कचांदुर निवासी और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अधिकृत वेंडर निकेश कुमार चन्द्राकर ने मुंबई स्थित सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ गुंडरदेही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
RTGS से भेजे 18 लाख 78 हजार रुपये
शिकायत के अनुसार कंपनी ने सोलर पैनल और इन्वर्टर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद निकेश कुमार ने कंपनी के खाते में 6 जून और 8 जून 2026 को दो किश्तों में RTGS के माध्यम से कुल 18 लाख 78 हजार 149 रुपये जमा किए।
आरोप है कि भुगतान लेने के बाद तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद कंपनी ने न तो सोलर सामग्री उपलब्ध कराई और न ही राशि वापस की।
कई बार संपर्क के बाद भी नहीं मिला समाधान
पीड़ित वेंडर का कहना है कि भुगतान के बाद उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें अलग-अलग बहाने बताए गए। अब कंपनी के प्रतिनिधियों के मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं।






