Acn18. Com.कोरबा के बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो युवकों ने चोरी के तार को कमर से छाती तक अपने शरीर में लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने की कोशिश की। लेकिन सिक्योरिटी गार्डों की सतर्कता ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 15 नवंबर की रात से 16 नवंबर की सुबह के बीच का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्लांट के CH-04 के सामने रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटा और उसका प्लास्टिक कवर छीलकर तांबे के तार को शरीर में छिपा लिया।
बाहर निकलते समय सिक्योरिटी गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। तलाशी लेने पर चोरी का खुलासा हो गया।
पुलिस ने पथरीपारा निवासी 23 वर्षीय भीम मल्लाह और भटगांव उपरपारा निवासी 21 वर्षीय नरेश कुमार कंवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49 किलो 280 ग्राम कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 49 हजार 280 रुपये है, सहित कटर और हेक्सा ब्लेड जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





