
कोरबा जिले के कटघोरा में स्थित एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पटाखों के ढेर तक पहुंचते ही तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।
आग इतनी भयानक थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पूरे कटघोरा क्षेत्र को सील कर दिया है। लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम जारी है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। लगातार हो रहे धमाकों के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। गोदाम में कितने कर्मचारी मौजूद थे और नुकसान कितना हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन ने आसपास के घरों को खाली करा लिया है। पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।




