महिलाओं के धरने में पहुंचे नंदकुमार बघेल:अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर जारी है आंदोलन; बोले-आपकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाऊंगा, मुंडन करवाना ठीक नहीं

0
92

acn18.com रायपुर /रायपुर के बूढ़ातालाब में अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 4 महीनों से महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। इस धरने में शामिल होने शुक्रवार को नंदकुमार बघेल भी पहुंचे। यहां उन्होंने महिलाओं से मुलाकात की है। इसके अलावा उन्होंने प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को भरोसा दिलाया है कि वो उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक जरूर पहुंचाएंगे।

प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे बघेल ने कहा कि-आप लोगों को मुंडन नहीं करवाना चाहिए। किसी भी महिला के लिए सिर के बाल उसका सम्मान और श्रृंगार होता है। इस तरह से प्रदर्शन सही नहीं है। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया है कि वह इन्हें मुख्यमंत्री से उनकी भेंट कराने की भी कोशिश करेंगे।

दरअसल, 4 दिन पहले प्रदर्शन कर रही शांति साहू नाम की महिला ने विरोध में मुंडन करवा लिया था। उन्होंने कहा था कि सरकार हमारी सुन ही नहीं रही है। शांति के पति की अस्थमा अटैक की वजह से मौत हुई थी। महिला बिलाईगढ़ से यहां प्रदर्शन करने के लिए आई थी। मुंडन करवाते हुए शांति ने बताया था कि हम यहां परेशान हैं। मगर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रियंका गांधी आती हैं तो उनके स्वागत के लिए फूल बिछा दिए जाते हैं। मगर हमारी आवाज सरकार नहीं सुन रही है।

20 अक्टूबर से धरना

दरअसल, ये सभी महिलाएं प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आईं हैं और रायपुर में 20 अक्टूबर 2022 से लगातार आंदोलन कर रही हैं। ये सभी पंचायत स्तर के उन शिक्षकों की पत्नियां हैं, जिनकी हादसे या बीमारी की वजह से मौत हो गई। इनका कहना है कि सरकारी नौकरी में कमाने वाले व्यक्ति की मौत के बाद परिवार के किसी एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति का नियम होता है। मगर इन्हें आज तक नौकरी नहीं मिला है। चुनाव के पहले सरकार ने वादा किया था जो अब तक पूरा नहीं किया गया। जिसके चलते कई दिनों से अनुकंपा नियुक्ति संघ के बैनर तले महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। इसके पहले यह महिलाएं मंत्री रविंद्र चौबे के घर कटोरा लेकर विरोध करने पहुंच गई थीं।

रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशेष संरक्षित जनजातियों पर आधारित पुस्तिका ’जात्रा’ का किया विमोचन