20-25 जुआरी पुलिस को चकमा देकर जंगल में भागे
मौके से 3 बाइक, 2 मोबाइल, ताश की गड्डी और ₹5,400 नकद बरामद
मुख्य फड़ संचालक और नाल वसूलने वाले आरोपी की तलाश जारी

हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम उतरदा स्थित शक्ति खर्रा के जंगलों में तिरपाल लगाकर बेखौफ चलाए जा रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई और लगभग 20 से 25 जुआरी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर तीन जुआरियों को धर दबोचा।
पुलिस की गिरफ्त में आए जुआरियों की पहचान राजेश लहरें (निवासी- बुडगहन)पवन कुमार पटेल (निवासी- निरतु)नंदकुमार पटेल (निवासी- दीपका) के रूप में हुई है।तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच से पता चला है कि नेवसा निवासी हरि साहू द्वारा यह जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था, जबकि सत्य प्रकाश पटेल जुआरियों से नाल वसूली का काम देखता था। जानकारी के मुताबिक, जुआ खेलने आने वाले हर व्यक्ति से एंट्री के नाम पर करीब ₹500 लिए जाते थे। दबिश के दौरान दोनों मुख्य आरोपी फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी दर्री के मार्गदर्शन में यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।





