Acn18. Com. GPM पेंड्रा के विश्वकर्मा मोहल्ले में रेत खाली करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित हुई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के सामने खड़ी ब्रेजा कार के ऊपर पलट गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के मुताबिक पेंड्रा निवासी अंबर जायसवाल की ब्रेजा कार घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां रेत खाली करने पहुंची। रेत खाली करते समय अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और ट्रॉली सीधे कार के ऊपर जा पलटी।
हादसे में बड़ी मात्रा में रेत कार पर गिर गई, जिससे ब्रेजा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने स्थिति संभालने में मदद की।
हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रैक्टर-ट्रॉली आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।





