

कोरबा : भारत विकास परिषद कोरबा शाखा द्वारा स्कूली बच्चों में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करने के उद्देश्य से ‘राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता’ का अत्यंत सफल, प्रभावशाली और गरिमामय आयोजन किया गया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं परिषद के पदाधिकारियों द्वारा स्वामी विवेकानंद और मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। समापन अवसर पर अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल मौजूद रहे

भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी धर्मेंद्र सिंह कुदेसिया, कोरबा शाखा प्रभारी कमलेश यादव, कोषाध्यक्ष प्रेम रामचंदानी, कैलाश अग्रवाल, पद्मिनी साहू, कन्हैया सोनी, भगवती अग्रवाल, विष्णु शंकर मिश्रा, दीपक अग्रवाल और नरेश अग्रवाल की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। पारंपरिक और देशभक्ति की वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने अपनी सुरीली तान और लयबद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार ‘भारत माता की जय’ के जयघोष और देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए भारत विकास परिषद की सराहना की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच डीपीएस बालको ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेंट जेवियर स्कूल ने द्वितीय और स्वामी आत्मानंद स्कूल जमनीपाली ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें व्यक्तिगत तौर पर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन कैलाश अग्रवाल ने अपने प्रभावी अंदाज में किया, वहीं अंत में भारत विकास परिषद कोरबा शाखा के पूर्व सचिव कन्हैया सोनी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों और मीडिया जगत का आभार प्रदर्शन किया।






