Acn18.com कोरबा.कोरबा में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय समिति की अहम बैठक हुई। सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में सांसद ज्योत्सना महंत ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियमयुक्त चेतावनी बोर्ड, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्लैक और ग्रे स्पॉट पर सुधार कार्य तेजी से पूरा कराने के साथ ही ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सांसद ने मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और अवैध राखड़ डंपिंग पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।
वहीं कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय तेजी से लागू कराने और कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर और क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि यातायात नियम तोड़ने वालों, नाबालिग वाहन चालकों, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर ड्राइविंग और मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। साथ ही वाहन चालकों के नेत्र परीक्षण के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे।









