Acn18. Com.कोरबा में अवैध फ्लाई ऐश डम्पिंग के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास फ्लाई ऐश की अवैध डम्पिंग करते वाहनों को पकड़े जाने के बाद एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
दरअसल, 9 सितंबर की देर रात पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा को सूचना मिली थी कि रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास गुप्ता होटल के नजदीक स्थित जमीन पर फ्लाई ऐश की अवैध डम्पिंग की जा रही है।
सूचना मिलते ही पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम मौके पर पहुंची, जहां फ्लाई ऐश डम्प करते हुए वाहनों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि इन वाहनों में एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड कर संबंधित स्थल पर अवैध रूप से डम्पिंग की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने एनटीपीसी के अधिकारियों को तत्काल इसकी सूचना दी और आवश्यक निर्देश जारी किए।
जांच के दौरान मौके पर डम्प की गई फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर एनटीपीसी लिमिटेड के विरुद्ध 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई है।
पर्यावरण संरक्षण मंडल ने साफ किया है कि फ्लाई ऐश का अवैध परिवहन और खुले में डम्पिंग पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों पर विभाग की लगातार नजर है और अवैध डम्पिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की कार्रवाई जारी रहेगी।









