Acn18. Com.कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने गुम हुए 110 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 3 हजार 353 रुपए बताई गई है। खास बात ये है कि पिछले 8 महीनों में 400 से ज्यादा गुम मोबाइल कोरबा पुलिस उनके मालिकों तक पहुंचा चुकी है।
गुम हुआ मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब कोरबा पुलिस ने उनके खोए हुए मोबाइल फोन उनके हाथों में वापस सौंपे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की तकनीकी मदद से अलग-अलग स्थानों और राज्यों से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया।
साइबर पुलिस थाना और जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से कुल 110 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख 3 हजार 353 रुपए है।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने कोरबा पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया। कई मोबाइल मालिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की तकनीकी कार्रवाई ने उनका भरोसा और मजबूत किया है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा, उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोरबा पुलिस के मुताबिक, पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर देरी न करें। CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के साथ ही नजदीकी थाना या साइबर पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि मोबाइल को तकनीकी माध्यम से ट्रैक किया जा सके।
और अगर आप किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाएं, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
यानी तकनीक के सहारे कोरबा पुलिस लगातार गुम मोबाइलों को उनके मालिकों तक पहुंचा रही है। 110 लोगों के हाथ में वापस पहुंचा मोबाइल सिर्फ एक फोन नहीं, बल्कि पुलिस पर जनता के भरोसे की एक और मजबूत तस्वीर है।









