धमतरी जिले में किओस्क बैंकिंग संचालक ने ग्रामीणों के भरोसे का फायदा उठाते हुए लगभग 1.75 करोड़ रुपये का गबन कर लिया और मौके से फरार हो गया।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक किओस्क बैंकिंग संचालक ने ग्रामीणों के भरोसे का फायदा उठाते हुए लगभग 1.75 करोड़ रुपये का गबन कर लिया और मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी केशवराम साहू भखारा क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के किओस्क सेंटर (ग्राहक सेवा केंद्र) का संचालन करता था। ग्रामीण अंचलों के लोग बैंक में पैसे जमा करने और लेन-देन के लिए उस पर पूरी तरह भरोसा करते थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने सिस्टम का लूपहोल खोजा और ठगी को अंजाम देना शुरू कर दिया।
बिना मशीन के पासबुक एंट्री कर देता था झांसा
आरोपी ग्राहकों से बैंक खातों में जमा करने के नाम पर नकद राशि तो ले लेता था, लेकिन उसे उनके खातों में जमा करने के बजाय खुद हड़प लेता था। ग्रामीणों को शक न हो, इसके लिए वह बिना प्रिंटिंग मशीन के ही पासबुक में एंट्री करके ग्राहकों को थमा देता था। इस तरह वह ग्रामीणों के पैसे अपने पास जमा करता रहा।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
जब ग्रामीणों को अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल भखारा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में अब तक लगभग 1 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक के गबन की बात सामने आई है।
भखारा पुलिस ने आरोपी केशवराम साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी








