बिलासपुर में सराफा कारोबारी आज आधे दिन बाजार बंद रखकर पैदल मार्च निकाल कर HUID, हॉलमार्क और सोना जांच व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करेंगे।
छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबारियों का आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन होने जा रहा है। इसके तहत बिलासपुर में सराफा बाजार आधे दिन बंद रहेगा। कारोबारी सोने की शुद्धता, हॉलमार्क, HUID और जांच व्यवस्था में पारदर्शिता समेत व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेंगे।
कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
सराफा कारोबारी सदर बाजार से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे। प्रदर्शन के दौरान कारोबारी अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेंगे। पैदल मार्च के बाद सराफा कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। यह ज्ञापन प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम सौंपा जाएगा। इसमें सोने की शुद्धता जांच, हॉलमार्क और HUID व्यवस्था को लेकर व्यापारियों की मांगें रखी जाएंगी।
HUID और हॉलमार्क व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग
कारोबारियों की प्रमुख मांगों में HUID, हॉलमार्क और सोना जांच व्यवस्था में पारदर्शिता शामिल है। उनका कहना है कि इन व्यवस्थाओं से जुड़े नियम और प्रक्रियाएं स्पष्ट एवं पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्रदेश के सभी 33 जिलों में अभियान
बताया गया है कि सराफा कारोबारियों का यह अभियान सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में कारोबारी प्रदर्शन और संबंधित गतिविधियों के जरिए अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे






