Home छत्तीसगढ़ Bastar Tiranga Yatra: नारायणपुर से शुरू होगी बस्तर तिरंगा यात्रा, डिप्टी CM...

Bastar Tiranga Yatra: नारायणपुर से शुरू होगी बस्तर तिरंगा यात्रा, डिप्टी CM विजय शर्मा खुद संभालेंगे बाइक की कमान

0
4

नारायणपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। 12 से 15 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा की शुरुआत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा नारायणपुर से करेंगे। खास बात यह है कि उपमुख्यमंत्री स्वयं बाइक चलाकर यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यह बाइक रैली बस्तर के उन गांवों तक पहुंचेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं और अब शांति, सुरक्षा और विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

31 प्रमुख गांवों से होकर गुजरेगी यात्रा

तिरंगा यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के 31 प्रमुख गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य बस्तर की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने रखना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।

यात्रा के अंतिम पड़ाव पर कभी माओवादियों का गढ़ मानी जाने वाली कुर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर तिरंगा फहराया जाएगा।

शहीद स्थलों पर दी जाएगी श्रद्धांजलि

यात्रा के दौरान नारायणपुर के मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई और कन्हारगांव में उन स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जहां बड़े नक्सली हमले हुए थे या व्यापक जनहानि हुई थी।

इस दौरान ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा। साथ ही शहीद परिवारों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

शहीद स्थलों की मिट्टी का होगा संग्रहण

यात्रा की खास पहल के तहत शहीदों की शहादत वाले स्थानों की मिट्टी को श्रद्धापूर्वक एकत्रित कर सुरक्षित रखा जाएगा। इस मिट्टी को भविष्य में शहीदों के लिए बनाए जाने वाले संग्रहालय में संरक्षित करने की योजना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां वीर जवानों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।