Home KORBA हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र-मंत्र : जेल में बंद...

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र-मंत्र : जेल में बंद रिश्तेदार की जमानत के लिए तंत्र साधना, हिरासत में युवक

0
2

 

बिलासपुर के देवरी श्मशानघाट में कथित तंत्र साधना का मामला सामने आया। मौके से तस्वीरें व तंत्र क्रिया सामग्री मिली, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में श्मशानघाट में कथित तंत्र साधना का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना सीपत थाना क्षेत्र के देवरी इलाके की बताई जा रही है। आरोप है कि आधी रात के समय कुछ लोग तंत्र क्रिया सामग्री लेकर श्मशानघाट पहुंचे थे। ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों को पकड़ने की कोशिश की।

 

 

ग्रामीणों को देखकर वहां मौजूद लोग कथित तौर पर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद सीपत पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है।

 

मौके से तंत्र क्रिया सामग्री बरामद

ग्रामीणों के मुताबिक मौके से कुछ संदिग्ध पूजा सामग्री बरामद हुई है। इनमें दो मरी हुई मछलियां, नींबू, नारियल, माला और सिंदूर शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा तीन तस्वीरें भी मिलने की बात सामने आई है। इन तस्वीरों में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर के साथ दो अन्य युवकों की तस्वीर होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इन तस्वीरों और कथित तंत्र साधना के उद्देश्य को लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है।

 

 

 

जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत दिलाने की बात सामने आई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले को जेल में बंद एक रिश्तेदार को हाईकोर्ट से जमानत दिलाने के लिए कथित तंत्र साधना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि श्मशानघाट में लोग किस उद्देश्य से पहुंचे थे और वहां की गई गतिविधियों के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

 

 

 

पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ मौके से बरामद सामग्री और तस्वीरों की भी जांच कर रही है। मामले में शामिल लोगों की भूमिका, श्मशानघाट पहुंचने का उद्देश्य और कथित तंत्र साधना से जुड़े आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है