माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुवार सुबह 5 बजे प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। क्रेटा कार में अबान के साथ उसके 4 दोस्त थे।
झांसी से 70 किमी पहले सुबह 10.30 बजे पूंछ थाना इलाके में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार 7 फीट हवा में उछल गई। 40 फीट तक कार के टुकड़े हाईवे पर बिखर गए। अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। अबान समेत सभी 5 लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और राहगीरों ने जैसे-तैसे दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाकी 3 घायल उमर अहमद, मोहम्मद जैद और एहजाम को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, मरने से पहले अबान के आखिरी शब्द थे-मुझे बचा लो…।
हादसे की दो वजह सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शी दीपक ने बताया- हाईवे पर एक बछड़ा अचानक आ गया। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने कार को लेफ्ट साइड मोड़ दिया। उसी दौरान बाइक सवार आ गया तो ड्राइवर ने कार दोबारा लेफ्ट की तरफ मोड़ दी। कार डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, घायल उमर अहमद ने बताया- हाईवे पर ईंट पड़ी थी। इसके चलते कार बेकाबू हुई।
अतीक अहमद के 5 बेटे थे। अबान सबसे छोटा था। एक बेटा असद 2023 में झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब तीन बेटे हैं, इसमें बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल, दूसरा अली झांसी जेल में बंद है। जबकि अबान से बड़ा अहजम अभी ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। वह झांसी पहुंचा है। बोला- मिट्टी में भाइयों को आने दिया जाए।
प्रयागराज में फरवरी 2023 को वकील उमेश पाल की हत्या की गई थी। इस मामले में गुजरात जेल में बंद अतीक और बरेली जेल से उसके भाई अशरफ को प्रयागराज पेशी पर लाया गया था। वहां 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी






