रायगढ़। जिले के बारभौना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 10 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
कार्रवाई की भनक लगते ही चालक फरार
बताया गया कि संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचते ही कार्रवाई की भनक वाहन चालकों को लग गई। इसके बाद सभी चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद 10 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।
थाना छाल की सुपुर्दगी में रखे गए वाहन
जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना छाल की सुपुर्दगी में रखा गया है। विभाग की टीम अब वाहनों के मालिकों और अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।
वाहन मालिकों पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, मामले में जब्त वाहनों के मालिकों और अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खनिज एवं राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।






