
कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित देसी शराब भट्ठी में शराब लेने की लाइन को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पूरी घटना शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थी प्रमोद कुमार यादव पिता प्रेम प्रकाश यादव, 23 वर्ष, निवासी पुराना काशी नगर ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रमोद के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे वह रामपुर देसी शराब भट्ठी में शराब लेने लाइन में लगा था। इसी दौरान सामने से एक अज्ञात व्यक्ति शराब लेकर निकला और उसका पैर दबा दिया।
प्रमोद ने जब भईया थोड़ा देखकर चलो,पैर में चोट लग गई,कहा तो आरोपी भड़क गया। सीएसपी के मुताबिक आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि ज्यादा समझ में आता है क्या, शराब की बोतल तेरे सिर पर फोड़ दूंगा।प्रमोद द्वारा मना करने पर आरोपी ने हाथ में रखी शराब की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में प्रमोद के सिर और बाएं होंठ के पास चोटें आईं। घटना के समय महेश्वर यादव सहित आसपास के कई लोग मौजूद थे।
घायल प्रमोद ने देर रात सिविल लाइन पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही वहां मौजूद गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धैर्य और संयम बरतें। किसी भी विवाद या मारपीट की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और समय पर कार्रवाई हो सके। पुलिस ने कहा है कि शराब दुकानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाएगी।






