
पुरानी बस्ती के दुरपा रोड पर कबाड़ का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। प्रतिबंध के बावजूद यहां अवैध कबाड़ की दुकानें सजी हुई हैं। मौके पर कबाड़ से लदी दो गाड़ियां भी खड़ी दिखीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस की गाड़ी इलाके में पहुंची थी। कबाड़ की दुकानें और गाड़ियां देखकर बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गई। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।
रहवासियों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस की मिलीभगत से यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है। कई बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती।
लोगों का कहना है कि इन दुकानों में चोरी का सामान खपाया जाता है। रात में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। मोहल्ले में चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई हैं।
स्थानीय निवासियों ने एसपी से मामले में दखल देने की मांग की है। लोगों ने कहा कि अगर जल्द दुकानें बंद नहीं हुईं और पुलिस की मिलीभगत की जांच नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।




