Acn18. Com.कोरबा में उधारी की रकम मांगना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। पैसे लौटाने के बहाने रात के अंधेरे में बुलाकर उसके साथ मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने व्यापारी का ढाई तोले का सोने का चेन और सैमसंग एस-24 अल्ट्रा मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मानस नगर पुलिया के पास का है। बुधवारी बाजार निवासी अक्षत अग्रवाल हार्डवेयर दुकान का संचालन करते हैं। एफआईआर के मुताबिक, गगन शर्मा पर व्यापारी के एक लाख 35 हजार रुपये और शुभम सिंह पर 10 हजार 615 रुपये बकाया थे।18 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे उधारी की रकम देने के बहाने अक्षत को मानस नगर पुलिया के पास बुलाया गया। आरोप है कि वहां गगन शर्मा, शुभम सिंह और उनके अन्य साथियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और गले में पहनी करीब ढाई तोले की सोने की चेन तथा सैमसंग एस-24 अल्ट्रा मोबाइल फोन लूट लिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में उसे अप्पू गार्डन ले जाकर जबरन माफी का वीडियो बनवाया गया और पिता को बुलाने के बाद छोड़ा गया।फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।





