
सूरजपुर
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें नाबालिग बच्चों से विद्युत विभाग का LT केबल खिंचवाते दिखाया गया है। वीडियो ग्राम पंचायत जूर के माझीपारा का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो चार दिन पहले LT केबल विस्तार कार्य के दौरान का है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि छोटे-छोटे बच्चे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली का भारी केबल खींच रहे हैं।
यह मामला कृष्णपुर-कलुआ सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले ग्राम जूर फीडर का है। वीडियो सामने आने के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा मजदूरी बचाने के लिए नाबालिग बच्चों से जोखिम भरा काम कराया जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में विद्युत विभाग के अधिकारियों का कोई बयान सामने नहीं आया है।




