
धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। हवा भरवाने के दौरान एक बजाज RS-200 बाइक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बाइक धू-धू कर जल उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक में हवा भरवाते समय अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ समझ पाते, उससे पहले ही शॉर्ट सर्किट से बाइक में आग लग गई। पेट्रोल पंप परिसर में आग की लपटें उठते ही कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




