
कोरबा शहर के सुभाष ब्लॉक से 1 मई की रात से लापता 17 वर्षीय नवनीत सिंह का शव लेमरू थाना क्षेत्र के टाइगर पॉइंट के पास लगभग 200 फीट गहरी खाई में मिला है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है
परिजनों के अनुसार नवनीत 1 मई की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। अब उसकी लाश मिलने के बाद परिजनों का कहना है कि इतनी रात में किसी नाबालिग का अकेले सुनसान और दूरस्थ जगह पर पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
मामले में कोरबा Asp लखन पटले ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी और उसका शव खाई में मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था, आत्महत्या थी या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण है।




