
कोरबा जिले के कूदमुरा क्षेत्र में शनिवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कूदमुरा बस स्टैंड में स्थित एक विशाल बरगद का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए, जबकि एक महिला पेड़ के नीचे दब गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा और तूफान के चलते बरगद का विशाल पेड़ बस स्टैंड परिसर में गिर गया। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस तथा वन विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही कूदमुरा सरपंच प्रतिनिधि महेश राठिया, वन विभाग की टीम, पुलिस कर्मी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पेड़ के नीचे फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
पेड़ के नीचे दबी महिला की पहचान राजकुमारी , पति हृदय राठिया, निवासी चचिया के रूप में हुई है। महिला को डायल 112 की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
समय रहते ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की तत्परता से एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर पुराने और जर्जर पेड़ों की नियमित जांच तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




