Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में CM के स्वागत की अव्यवस्था पर भड़के डॉ. रमन सिंह,...

बेमेतरा में CM के स्वागत की अव्यवस्था पर भड़के डॉ. रमन सिंह, कलेक्टर-एसपी को लगाई फटकार

0
7

बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बेमेतरा दौरे के दौरान स्वागत कार्यक्रम में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह नाराज हो गए। कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था में हुई देरी और अव्यवस्था पर उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को जमकर फटकार लगाई।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मंत्री, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। बावजूद इसके, कार्यक्रम शुरू होने के काफी समय बाद तक मंच और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था पूरी तरह से नहीं हो पाई थी। इससे कई जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि अपने 15 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल और लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने ऐसी अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए थीं, लेकिन ढाई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं कर पाया।

डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत भी पीछे की ओर से कराया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा मंत्रिमंडल, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद हैं, तब भी व्यवस्था का यह हाल क्यों है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डॉ. रमन सिंह के तीखे तेवर देखकर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारी सक्रिय हुए और कार्यक्रम स्थल पर बैठने एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने में जुट गए।

इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे कार्यक्रम में होती रही। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी इस अव्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि बाद में व्यवस्थाओं को सुधारकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में हुई इस चूक ने प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।