बस्तर के दरभा विकासखंड के छोटे पखनार गांव के ग्रामीण 50 KM सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी और हक का राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया।
। छत्तीसगढ़ के बस्तर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में कथित गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। जहां अपने हक का राशन नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों को 50 किलोमीटर का सफर तय कर सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचना पड़ा। दरभा विकासखंड के ग्राम पंचायत छोटे पखनार के दर्जनों ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर बस्तर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाने पहुंचे।
ग्रामीणों को नहीं मिला अनाज
ग्रामीणों का आरोप है कि, उनके हिस्से का राशन कागजों में बांट दिया गया, लेकिन हकीकत में उन्हें अनाज नहीं मिला। ग्रामीणों के मुताबिक फरवरी 2026 में कई हितग्राहियों को राशन नहीं दिया गया, जबकि उनके राशन कार्ड में वितरण दर्ज कर दिया गया।
ग्रामीणों ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
इतना ही नहीं, अप्रैल 2026 में कई ग्रामीणों को यह कहकर राशन देने से मना कर दिया गया कि उनका राशन कट चुका है। इससे नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी शिकायत रखते हुए दोषियों पर कार्रवाई और तत्काल राशन दिलाने की मांग की है।
अब प्रशासन से कर रहे न्याय की उम्मीद
ग्रामीणों का कहना है कि, गरीब परिवारों के लिए राशन ही जीवनयापन का मुख्य सहारा है, लेकिन व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और पीड़ित ग्रामीणों को कब तक उनका हक मिलता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।




