मुंगेली जिले के लोरमी में एक शराब दुकान में ‘सीलबंद’ बोतल से कॉकरोच निकला है। ग्राहकों में दहशत का माहौल है।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान की सीलबंद बोतल में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना न सिर्फ शराब की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि जिम्मेदार व्यवस्था की लापरवाही भी उजागर कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक शादी समारोह के लिए अंग्रेजी शराब के दो पव्वे लेकर जा रहा था। तभी जब उसने लाल रंग की सील पैक बोतल को ध्यान से देखा, तो उसके अंदर कॉकरोच नजर आया। यह दृश्य देखकर ग्राहक सहित आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए। घटना के बाद स्थानीय ग्राहकों में भय और नाराजगी का माहौल है।
प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
लोगों का कहना है कि, जब सीलबंद बोतलों में इस तरह की गंदगी मिल रही है, तो आखिर गुणवत्ता जांच कैसे हो रही है? क्या संबंधित विभाग इस पर कोई कार्रवाई करेगा या फिर ऐसे ही लोगों की सेहत से खिलवाड़ चलता रहेगा?
शराब दुकान के गुणवत्ता नियंत्रण पर बड़ा सवाल
इस मामले ने एक बार फिर सरकारी शराब दुकानों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है। फिलहाल, जिम्मेदार अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है




