Home Astrology बस्तर में फिलहाल बरकरार रहेगी सुरक्षा बलों की तैनाती, 10 नए थानों...

बस्तर में फिलहाल बरकरार रहेगी सुरक्षा बलों की तैनाती, 10 नए थानों से मजबूत होगा नेटवर्क

0
54

 

 

 

 

बस्तर संभाग में नक्सलवाद खत्म होने के दावे के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील नहीं दी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक केंद्रीय सुरक्षा बलों के लगभग 40 हजार जवान फिलहाल बस्तर से नहीं हटाए जाएंगे। स्थिति का अगले छह महीनों तक लगातार आकलन किया जाएगा, जिसके बाद रिपोर्ट तैयार कर केंद्र को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे फोर्स में बदलाव का फैसला लिया जाएगा।

 

नए थानों में तैनात होंगे बस्तर फाइटर्स

सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने के लिए बस्तर में 10 नए पुलिस थाने खोले जा रहे हैं। इन थानों में बस्तर फाइटर्स के 4 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में पुलिस बल की कमी है, वहां भी इन जवानों को भेजा जाएगा। बस्तर फाइटर्स में थाना प्रभारी स्तर से लेकर अन्य सभी रैंक के जवान शामिल हैं, जो स्थानीय परिस्थितियों को समझते हैं।

 

जंगलों में जारी रहेगी सर्चिंग और गश्त

नक्सल गतिविधियों में कमी आने के बावजूद जंगलों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बनी रहेगी। जवान लगातार गश्त करेंगे और नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियारों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने का काम करेंगे। साथ ही आईईडी और अन्य विस्फोटकों को नष्ट करने के अभियान भी जारी रहेंगे।

 

इसके अलावा गांवों में जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखने का काम भी किया जाएगा।

 

इन इलाकों में खुलेंगे नए थाने

राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में कई संवेदनशील क्षेत्रों में नए थाने खोलने की मंजूरी दी है। इसके तहत दंतेवाड़ा के पोटाली, सुकमा के मेहता और सिलगेर, बीजापुर के पुजारी, कांकेर के कोरचोली, नारायणपुर के गरपा, कस्तुरमेटा, तोके और कुतुल, साथ ही कांकेर के सितरम में नए थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पिछले बजट (2025-26) में सुकमा जिले के एलमागुण्डा और डब्बाकोन्टा में भी दो नए थानों को मंजूरी मिल चुकी है

error: Content is protected !!