अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल में गौ हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सान्याघुटरी के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से गाय का कटान कर रहे हैं। खबर मिलते ही सीतापुर पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दो आरोपियों—अजय कुमार कुजूर और रंजीत कुजूर को रंगे हाथों धर दबोचा गया।
तांगी, गौमांस और अवशेष जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो टांगी (कुल्हाड़ी) और लगभग 4 किलो गौमांस बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से कटे हुए गाय के अवशेष भी जब्त कर लिए हैं।
मांस आपस में बांटने और बेचने का था प्लान
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गाय को काटकर मांस आपस में बांटने वाले थे और बचे हुए मांस को स्थानीय स्तर पर बेचने की योजना बना रहे थे।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, तीन आरोपियों की तलाश जारी
सीतापुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण एवं छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।









