
कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। दोपहर करीब 3:45 बजे तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान दशहरा चौक स्थित एक इमली के पेड़ पर बिजली गिरी, जहां बड़ी संख्या में पक्षी बैठे थे। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगे होने के बावजूद बिजली गिरने से ग्रामीणों ने उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि उस समय पेड़ के नीचे लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी तड़ित चालकों का तकनीकी परीक्षण कराने, खराब उपकरणों को बदलने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त उच्च क्षमता वाले तड़ित चालक लगाने की मांग की है। साथ ही विशेषज्ञों की टीम से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।





