Acn18. Com.कोरबा जिले के वनांचल ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ही घर में मिला है। सिर पर गंभीर चोट के निशान और घटनास्थल से मिले ईंट के टुकड़ों ने हत्या की आशंका बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा का है। यहां सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ रहता था। शुक्रवार सुबह सहदेव ने पत्नी को घर में मृत अवस्था में देखा। उसके सिर से खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना पर थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई, हालांकि कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।





