Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत:तेज हवाओं के साथ बिजली...

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत:तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और बारिश की संभावना; तापमान में आई गिरावट

0
100

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवा के कारण मौसम में ये बदलाव आया है। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में लगभग 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अन्य कुछ जगहों पर अंधड़ और वज्रपात का भी असर हो सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में देखा जा सकता है।

जहां-जहां अंधड़ या वज्रपात का खतरा है, वहां लोगों को सतर्क रहने कहा जा रहा है। गुरुवार को पूरा दिन उमस भरा रहा। लेकिन रात को ठंडी हवाएं चली। रात के समय प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बूंदाबांदी भी हुई।

जानिए कहां कितना है तापमान

रायपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में 37.4, पेंड्रा रोड में 35.9, अंबिकापुर में 37.5, जगदलपुर में 39.7, दुर्ग में 42.4 और राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश में सबसे गर्म जिला दुर्ग और राजनांदगांव रहा। हांलाकि शाम तक यहां भी ठंडी हवाएं चलने की वजह से रात को तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

अंधड़, बिजली और बारिश की संभावना

इसके अलावा अगले 2 दिन में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। एचपी चंद्रा ने बताया कि 24 अप्रैल को प्रदेश के कुछ जिलों में ओले गिरने की भी संभावना है।