
उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए खूनी विवाद में दीपका निवासी युवक को कैंपर से कुचलकर मारने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया है।
*क्या था पूरा मामला*
जिला पुलिस के अनुसार दिनांक 03.07.2026 की रात्रि करीब 11:00 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10-12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने मीरा रिजॉर्ट गए थे।
रिजॉर्ट में आरोपी तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। चेक-आउट के बाद जब सभी साथी रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे तो दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन को उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। इससे उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल उज्ज्वल को साथियों द्वारा जिला चिकित्सालय कोरबा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
*पुलिस की कार्रवाई*
घटना के संबंध में थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते माह मीरा रिजॉर्ट में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे।





