Acn18. Com.कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। तड़के करीब 3 बजे बरपाली के अनूप ढाबा के पास यात्रियों के बाथरूम जाने के लिए चालक ने बस सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान गेहूं से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बस को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पिछले हिस्से में बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कटघोरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





