Acn18. Com. भरत सिंह चौहान.जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र के देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को हसदेव नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लापता तीन छात्रों में से एक युवक का शव आज सुबह बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। शव बरामद होने के बाद मौके पर परिजनों और स्थानीय लोगों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के सरकंडा से 4 युवक और 4 युवतियां कार से देवरी-चिचोली पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी के चौकसे कॉलेज के छात्र होने की बात सामने आई है।
दोपहर करीब 1 बजे सभी हसदेव नदी में नहाने गए। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से मुरारी साहू, पवन कुमार और सचिन सिंह नदी में बह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार तलाश के बाद आज सुबह पवन कुमार का शव बरामद कर लिया गया।
वहीं, मुरारी साहू और सचिन सिंह की तलाश अभी भी जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर पिकनिक स्पॉट और नदी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









