Acn18. Com. जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवा कार्यकाल के अवसर पर बीजेपी ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली। इस दौरान आयोजित बाइक रैली में यातायात नियमों की अनदेखी की तस्वीरें सामने आई हैं। खास बात ये रही कि रैली में मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल थे।
दरअसल, बाइक रैली में प्रदेश के कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी समेत बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। लेकिन रैली के दौरान कई बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए।
रैली में आगे बाइक पर मशाल लेकर चल रहे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के भी हेलमेट नहीं पहनने की तस्वीर सामने आई है। वहीं, मंत्री के साथ बाइक पर चल रहे व्यक्ति ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।
इसके अलावा कुछ बाइक सवारों पर स्टंट करने के भी आरोप लगे हैं। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
मामले में बीजेपी जिला प्रवक्ता विकास शर्मा ने इसे चूक माना है। उनका कहना है कि रैली में शामिल लोगों से हेलमेट पहनकर आने की अपील की गई थी, लेकिन किसी ने हेलमेट नहीं पहना।
अब सवाल है कि जब आम लोगों से नियमों के पालन की अपील की जाती है, तो नेताओं और कार्यकर्ताओं की रैली में इन नियमों का पालन क्यों नहीं कराया गया?





