Acn18. Com.जशपुर में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश और तेज आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पत्थलगांव के तिलडेगा, पंगसुवा और गाला समेत कई गांवों में धान की फसल पानी में डूब गई है। वहीं तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई। किसानों ने नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।
तस्वीरें पत्थलगांव विकासखंड के गांवों की हैं, जहां बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पानी भरने से धान की फसल डूब गई है, जबकि तेज हवाओं के चलते कई खेतों में फसल पूरी तरह गिर गई। किसानों को डर है कि पानी जल्द नहीं निकला तो धान सड़ने और अंकुरित होने से बड़ा नुकसान हो सकता है।
किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जीवन एक्का के मुताबिक फसल नुकसान की जानकारी मिली है और फील्ड अधिकारियों से सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बीमा मुआवजे का प्रकरण तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
बारिश थमने के बाद नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा, लेकिन फिलहाल किसानों की नजर प्रशासन के सर्वे और मिलने वाली राहत पर टिकी है।





