Home Uncategorized प्रदेश में गुलाबी ठंड के साथ गिरने लगा तापमान, अगले तीन दिनों...

प्रदेश में गुलाबी ठंड के साथ गिरने लगा तापमान, अगले तीन दिनों में पारा 3 डिग्री तक नीचे जाएगा

0
79

रायपुर: प्रदेश में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से चल रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अब प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।

रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है, लेकिन हवाओं की दिशा बदलने से जल्द ही रातें ठंडी होने लगेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ़ रहेगा।

अंबिकापुर में सबसे ठंडी रात

प्रदेश में सबसे कम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस माना एयरपोर्ट रायपुर में रहा। बिलासपुर और दुर्ग में भी पारा सामान्य से नीचे जाने लगा है।

 

अब गिरेगा पारा, सुबह-शाम रहेगी ठंडक

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं का आगमन शुरू हो गया है, जिससे दिन में धूप हल्की गुनगुनी और रातें सर्द महसूस होने लगेंगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।

सुबह-शाम सर्दी का अहसास

रायपुर समेत आसपास के इलाकों में सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। खासकर खुली जगहों और ग्रामीण इलाकों में लोग अब हल्की जैकेट और स्वेटर निकालने लगे हैं। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ़ रहेगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। विभाग का कहना है कि इस बार ठंड सामान्य समय से थोड़ा पहले दस्तक दे सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना था कि गुलाबी ठंड का असर अभी बना रहेगा। वीकेंड पर लोग पर्यटन स्थलों पर ठंड के साथ पिकनिक का आनंद उठा सकते हैं। इधर शुक्रवार को शहर में दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात का तापमान सामान्य से कम रहा।