अंबिकापुर/सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर वनमंडलों में पिछले 6 महीनों के दौरान 15 लोगों की जान लेने वाले आक्रामक ‘कबरा कान’ हाथी को लेकर वन विभाग ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने इस खूंखार हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की आधिकारिक अनुमति जारी कर दी है, ताकि उसकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सके।

पिछले 6 महीने में 15 लोगों को बना चुका है शिकार
उल्लेखनीय है कि यह हाथी पिछले आधे साल में अब तक 15 लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार चुका है। इस हाथी के आतंक से पूरे इलाके में मानव-हाथी संघर्ष की बेहद गंभीर स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर हैं। इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इसकी हर लोकेशन और मूवमेंट को ट्रैक करने के लिए यह कदम उठाया है।
आज से शुरू होगा ऑपरेशन, विशेषज्ञों की ली जाएगी मदद
आज सुबह ही ‘कबरा कान’ हाथी सूरजपुर जिले से होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र के जंगलों में दाखिल हुआ है। हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर पहनाने के लिए वन विभाग की विशेष टीम ने आज से ही अभियान शुरू कर दिया है। इस चुनौतीपूर्ण अभियान में वन्यजीव विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद ली जा रही है, और जरूरत पड़ने पर कुमकी हाथियों की सहायता भी ली जा सकती है।
सूरजपुर और बलरामपुर DFO को सौंपी गई जिम्मेदारी
इस पूरे रेस्क्यू और मॉनिटरिंग अभियान की संयुक्त जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ (DFO) को सौंपी गई है। सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। रेडियो कॉलर लग जाने के बाद इस हाथी की सतत निगरानी की जाएगी और वन विभाग को हर 15 दिन में इसकी रिपोर्ट शासन को सौंपनी होगी।





