Home छत्तीसगढ़ सूरजपुर: पैरामेडिकल संस्थान के संचालक पति-पत्नी पर धोखाधड़ी का आरोप, पूरी फीस...

सूरजपुर: पैरामेडिकल संस्थान के संचालक पति-पत्नी पर धोखाधड़ी का आरोप, पूरी फीस लेकर छात्रों को परीक्षा से रखा वंचित, शिकायत दर्ज

0
3

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ तिलसिंवा स्थित एक पैरामेडिकल संस्थान के संचालक और उसकी पत्नी (प्राचार्य) पर छात्रों से पूरी फीस वसूलने के बावजूद उन्हें मुख्य परीक्षा से वंचित रखने का आरोप लगा है। इस धोखाधड़ी से परेशान पीड़ित छात्र-छात्राओं ने सूरजपुर थाने और जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय और कार्रवाई की मांग की है।

पूरी फीस जमा कराई, पर परीक्षा में नहीं बैठने दिया

मिली जानकारी के अनुसार, तिलसिंवा स्थित ‘गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट’ के संचालक राम नेवाज साहू द्वारा डीएमएलटी (DMLT) और बीएमएलटी (BMLT) के विद्यार्थियों से कोर्स की पूरी फीस जमा करा ली गई थी।

छात्रों का आरोप है कि संपूर्ण राशि भुगतान करने के बाद भी संस्थान ने उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं कराया। अब तक न तो उनकी परीक्षा आयोजित की गई है और न ही उन्हें कोई वैध मूल प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) दिया गया है, जिससे छात्रों का पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो गया है।

सवाल पूछने पर गाली-गलौज और धमकी, संस्थान भी किया बंद

पीड़ित छात्रों का कहना है कि जब भी वे अपनी परीक्षा, सर्टिफिकेट या जमा की गई फीस वापसी की मांग लेकर कॉलेज पहुंचते हैं, तो संचालक राम नेवाज साहू और प्राचार्य संध्या साहू द्वारा उन्हें अपमानित कर भगा दिया जाता है।

शिकायत पत्र में छात्रों ने उल्लेख किया है कि उन्हें डराया-धमकाया भी जाता है। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने वर्तमान में इस संस्थान का संचालन ही पूरी तरह से बंद कर दिया है, जिससे कई छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है।

पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

इस धोखाधड़ी से आक्रोशित होकर छात्र शिवम साहू, छात्रा रजनी राजवाड़े सहित कई प्रभावित विद्यार्थी सूरजपुर कोतवाली और कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने संस्थान के संचालक और प्राचार्य के खिलाफ धोखाधड़ी (चीटिंग) और भविष्य से खिलवाड़ करने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी फीस वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

इस संबंध में सूरजपुर के एसडीओपी (SDOP) अभिषेक पैकरा ने बताया कि छात्रों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।