Home छत्तीसगढ़ Surajpur News: नकली सोना-चांदी देकर महिलाओं से लाखों की ठगी, थाने पहुंचीं...

Surajpur News: नकली सोना-चांदी देकर महिलाओं से लाखों की ठगी, थाने पहुंचीं पीड़ित महिलाएं

0
35

सूरजपुर। जिले में लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के बावजूद ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां गांव की कई महिलाओं ने नकली सोना-चांदी के गहने देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के दो-तीन गांवों की करीब आधा दर्जन महिलाएं थाने पहुंचीं। महिलाओं ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने नारायणपुर निवासी एक सोना-चांदी कारोबारी से गहने खरीदे थे। आरोप है कि कारोबारी गांव-घर पहुंचकर ही महिलाओं को सोना-चांदी उपलब्ध कराता था।

महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कारोबारी पर भरोसा करते हुए उससे सोना-चांदी के आभूषण खरीदे और इसके बदले लाखों रुपये का भुगतान किया। बाद में जब खरीदे गए गहनों की जांच कराई गई तो उनके नकली होने की बात सामने आई।

जांच कराने पर सामने आया मामला

गहनों के नकली निकलने के बाद महिलाओं को कथित ठगी का पता चला। इसके बाद सभी पीड़ित महिलाएं रामानुजनगर थाने पहुंचीं और मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं का आरोप है कि गांव-घर आकर सोना-चांदी बेचने वाले कारोबारी ने असली बताकर नकली गहने दिए और उनसे बड़ी रकम वसूल की।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि महिलाओं की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। गहनों की जांच, लेन-देन और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नकली आभूषण देकर कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पीड़ित महिलाएं अपने पैसे और असली आभूषण वापस मिलने की उम्मीद में पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रही हैं।

error: Content is protected !!