
कोरबा में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
*सर्वमंगला-राताखार मोड़ पर हुआ हादसा*
जानकारी के अनुसार हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत *सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग के मोड़* पर शाम करीब 4 बजे हुआ। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
*पुलिस ने वाहन किया जप्त, शव भेजा पोस्टमार्टम*
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल शव को सड़क से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया। वहीं ट्रेलर वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद शव की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*भारी वाहनों का रहता है दबाव*
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर हमेशा भारी वाहनों का दबाव रहता है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





