Acn18. Com.कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंधेरे में सड़क किनारे बिना किसी संकेतक के खड़ी एक ट्रेलर में तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बनवार गांव निवासी 21 वर्षीय सागर कंवर के रूप में हुई है। सागर एक निजी कंपनी में कार्यरत था और कटघोरा से अपना काम खत्म कर रात में घर लौट रहा था। अमलडीहा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर अंधेरे में नजर न आने के कारण उसकी तेज रफ्तार पल्सर बाइक सीधे वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद बाइक की लाइट लगातार जलती रही, जिसे देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े लहूलुहान युवक पर पड़ी। राहगीरों ने तुरंत घटना की जानकारी 112 को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को नजदीकी अस्पताल भेजा।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे और ब्रेकडाउन वाहनों का बिना किसी पार्किंग लाइट या संकेतक के खड़ा रहना लगातार हादसों का कारण बन रहा है। ट्रेलर चालक की इस घोर लापरवाही ने एक और मासूम की जान ले ली।
फिलहाल कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वैधानिक कार्यवाही करते हुए जांच शुरू कर दी है।





