धमतरी में सराफा कारोबारी से करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी भरोसे का फायदा उठाकर जेवर लेकर फरार हो गया।
यशवंत गंजीर- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सराफा कारोबारी के साथ करीब 70 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने अपने पिता और व्यापारी के बीच वर्षों पुराने पारिवारिक भरोसे का फायदा उठाते हुए सोने-चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए और फरार हो गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पिता की ईमानदारी से जीता था भरोसा
मिली जानकारी के अनुसार, सराफा कारोबारी जसराज जैन की दुकान में आरोपी हेमंत सोनी का पिता लंबे समय तक कार्यरत था। अपनी ईमानदारी के कारण उसने व्यापारी का गहरा विश्वास जीत लिया था। इसी पुराने पारिवारिक संबंध और भरोसे के चलते हेमंत सोनी का भी दुकान में नियमित आना-जाना था। व्यापारी उस पर इतना विश्वास करने लगा था कि कई बार लाखों रुपये मूल्य के जेवरात भी उसके सुपुर्द कर देता था।
2 महीने पहले जेवर लेकर हुआ गायब
शिकायत के मुताबिक, लगभग दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी दिनों तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा, तब व्यापारी को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों ने भी दर्ज कराई है गुमशुदगी
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पता चला कि फरार आरोपी हेमंत सोनी के परिजनों ने भी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। कोतवाली पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी का पता लगाने के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा




