बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भरारी के शासकीय प्राथमिक शाला तेलियापुरान से बच्चों की सुरक्षा और स्कूल की व्यवस्था से जुड़ा मामला सामने आया है।सामने आए वीडियो और जानकारी के मुताबिक प्राथमिक कक्षा में पढ़ने वाले छोटे बच्चों से शौचालय के लिए पानी भरकर ले जाने का काम कराया जा रहा था। जिस बाल्टी में पानी भरा गया, उसमें करीब 15 से 20 लीटर पानी होने की बात कही जा रही है।
वीडियो में बच्चे पानी से भरी बाल्टी को उठाने में असमर्थ नजर आते हैं और उसे जमीन पर रखकर या खींचकर आगे ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों से पूछने पर उन्होंने बताया कि शिक्षक ने बाथरूम का दरवाजा खोलकर पानी भरकर लाने और फिर दरवाजा बंद करने के लिए कहा था।
मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि प्राथमिक कक्षा के छोटे बच्चों से इतना भारी वजन उठवाने की जरूरत क्यों पड़ी और स्कूल में पानी व शौचालय की व्यवस्था के लिए दूसरे विकल्प क्यों नहीं अपनाए गए। भारी बाल्टी उठाने या खींचने के दौरान बच्चों के फिसलने या चोट लगने की आशंका को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
हालांकि, मामले में स्कूल प्रबंधन या संबंधित शिक्षक का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए शिक्षा विभाग की जांच जरूरी है, ताकि यह पता चल सके कि बच्चों से इस तरह पानी भरवाने के निर्देश किसने दिए और स्कूल में ऐसी स्थिति क्यों बनी…









