Acn18. Com. कोरबा.कोरबा के पं. मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन में मुकुटधर चित्रकला प्रकोष्ठ के पुनर्गठन का कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से प्रकोष्ठ के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। नवगठित पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित किया गया है।
पुनर्गठन के दौरान सर्वसम्मति से श्रीमती अंकिता सोनी को संयोजक बनाया गया। वहीं श्री गौरी शंकर साहू और श्रीमती मंजुला श्रीवास्तव को सह-संयोजक तथा डॉ. कुमकुम गिलहरे को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवगठित पदाधिकारियों द्वारा आगामी दिनों में प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम में पं. मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन के संरक्षक यूनुस दनियालपुरी और कमलेश यादव ने चित्रकला प्रकोष्ठ के गठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रकोष्ठ का उद्देश्य कोरबा क्षेत्र में कला और कलाकारों को सशक्त मंच प्रदान करना, स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना और चित्रकला सहित अन्य ललित कलाओं के विकास के लिए लगातार रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करना है।
तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रकोष्ठ द्वारा कला एवं कलाकारों के हित में विभिन्न रचनात्मक, प्रशिक्षणात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
वहीं प्रकोष्ठ की पूर्व संयोजक मनीषा अग्रवाल और पंकज सोनी ने नवगठित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में चित्रकला प्रकोष्ठ कला और कलाकारों के हित में उल्लेखनीय कार्य करेगा।
कार्यक्रम में अनिंदर कौर, दामिनी शर्मा, सुबीर शर्मा, कैलाश कुमार, जयापरी शर्मा, शिव साहू, अनुसूइया श्रीवास, धरम साहू, रश्मि श्रीवास सहित अनेक चित्रकार और साहित्यकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मुकुटधर साहित्य समिति के सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चन्द्रा ने किया। वहीं समिति के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल ने चित्रकला प्रकोष्ठ के पुनर्गठन में सहयोग के लिए सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।









