सूरजपुर से बड़ी खबर है। नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार शिक्षक मधुसूदन गुप्ता को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने निलंबन आदेश जारी किया है।
आरोप है कि शिक्षक ने अपने ही स्कूल की कक्षा 11वीं की नाबालिग छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और कथित तौर पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद भटगांव पुलिस ने करीब सात दिन पहले आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया था।
पुलिस कार्रवाई के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। जारी आदेश के मुताबिक, शिक्षक को शिक्षकीय गरिमा के विपरीत आचरण, विभाग की छवि धूमिल करने और सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामले में निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
फिलहाल आरोपी शिक्षक न्यायिक रिमांड पर जेल में है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





